अपराध

पीलीभीत में नव विवाहिता से दुष्कर्म का आरोप; नशीला पदार्थ खिलाकर बनाया अश्लील वीडियो

थाना जहानाबाद क्षेत्र से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. आरोप है कि एक नवविवाहिता के पति और नंदोई (बहनोई) ने नशीला पदार्थ खिलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया. आरोप है कि दोनों आरोपियों ने पीड़िता की अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने का भी प्रयास किया. घटना की जानकारी होने पर पीड़िता की मां ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है.

थाना जहानाबाद क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसने अपनी पुत्री का विवाह बरेली जिले के थाना नवाबगंज क्षेत्र के एक युवक के साथ किया था. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज के रूप में 20 लाख रुपये की मांग करने लगे. मांग पूरी न होने पर विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से बेरहमी से प्रताड़ित किया जाने लगा.

पीड़िता की मां का आरोप है कि पति ने साजिश के तहत विवाहिता को नशीला पदार्थ खिलाकर उसकी अश्लील वीडियो बना ली और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा. आरोप है कि 6 मार्च को आरोपी पति और उसका नंदोई पीड़िता को बहला-फुसलाकर उत्तराखंड के अल्मोड़ा ले गए. आरोप है कि एक होटल के कमरे में दोनों ने नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी. घटना का खुलासा तब हुआ जब गुरुवार को मायके पक्ष के लोगों को मामले की पूरी जानकारी हुई. परिजन तत्काल ससुराल पहुंचे और नव विवाहिता को मायके ले आए.

प्रभारी निरीक्षक जहानाबाद, प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि मामले में पीड़िता की मां की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है. आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है. मामले की गंभीरता से जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button