उत्तराखंड

चारधाम यात्रा से पहले एलपीजी सप्लाई बढ़ाने की मांग, सीएम धामी ने केंद्र से किया अनुरोध

  • पर्यटन सीजन और आपदा प्रबंधन को देखते हुए 100% आपूर्ति और 5% अतिरिक्त कोटा देने की अपील

देहरादून/नई दिल्ली:
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में मुलाकात कर राज्य से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को 100 प्रतिशत बनाए रखने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हर वर्ष अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उत्तराखण्ड पहुंचते हैं, जिससे होटल, ढाबों और अन्य व्यवसायों में एलपीजी की मांग तेजी से बढ़ जाती है। इस अवधि में राज्य को करीब 9,67,949 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता होती है।

धामी ने मानसून के दौरान राज्य की आपदाजन्य संवेदनशीलता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जून से सितंबर के बीच भारी बारिश और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाएं आम हैं, जिनमें राहत और बचाव कार्यों के लिए गैस सिलेंडर बेहद जरूरी होते हैं। ऐसे में उन्होंने अतिरिक्त 5 प्रतिशत (करीब 48,397 सिलेंडर) आवंटन की भी मांग की, ताकि आपदा के समय राहत कार्य प्रभावित न हों।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से पर्यटन पर आधारित है, जिसमें धार्मिक और साहसिक पर्यटन का बड़ा योगदान है। चारधाम यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि राज्य की आर्थिक गतिविधियों की रीढ़ भी है। उन्होंने घरेलू एलपीजी आपूर्ति को भी सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री के सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया और राज्य के हितों के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।




Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button