बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना के बाद सूचना विभाग की टीम ने मानवीय संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए दो लोगों की जान बचाई. टीम ने दोनों घायलों को समय पर उपचार दिलाने के लिए तत्परता दिखाई और जीवन बचाने का कार्य किया.
जानकारी के अनुसार, शिवनंदी क्षेत्र के समीप दो बाइक सवार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि उसके साथ सवार युवक को भी चोटें आईं. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इसी दौरान विभागीय कार्य संपन्न कर रुद्रप्रयाग लौट रहे अपर जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा, भुवनेश्वर नेगी और चालक संजय सिंह की नजर घायल युवकों पर पड़ी. स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने बिना एक पल गंवाए अपना वाहन रोका और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए.
अपर जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा ने तुरंत पुलिस, जिला आपदा नियंत्रण कक्ष और 108 एंबुलेंस सेवा को दुर्घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही सभी संबंधित एजेंसियां सक्रिय हो गईं और कुछ ही समय में 108 एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई.
108 एंबुलेंस कर्मियों ने घायल युवक को प्राथमिक उपचार प्रदान किया और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया. चिकित्सकों के मुताबिक समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से घायल को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी, जो उसके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हुई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा. स्थानीय लोगों ने सूचना विभाग की टीम द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय पर मदद नहीं मिलती तो घायल की स्थिति और गंभीर हो सकती थी.

Leave a Reply